छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शुक्रवार को सैकड़ों कोटवारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में प्रदर्शन जिला मुख्यालय के जय स्तंभ चौक पर आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम तहसीलदार उमेश लहरी को ज्ञापन सौंपा। कोटवारों ने नियमितीकरण, राजस्व विभाग में संविलियन और 15 हजार रुपये मासिक वेतन देने की मांग उठाई। उन्होंने कोटवार परिवार के सदस्यों को नियुक्ति में प्राथमिकता देने और नियुक्तियों पर लगे प्रतिबंध को हटाने की भी मांग की। कोटवारों का कहना है कि वे लंबे समय से शासन-प्रशासन की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक नियमित शासकीय कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। कम पारिश्रमिक के कारण उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में शामिल हो चुके गांवों में पद रिक्त होने पर नई नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं। इससे पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित होने के साथ कोटवार परिवारों की आजीविका पर भी संकट पैदा हो रहा है। संघ ने नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा करने की मांग की। कोटवार संघ के अध्यक्ष सम्पत दास मानिकपुरी ने कहा कि संगठन लंबे समय से अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर रायपुर में प्रदेशस्तरीय आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अनशन और भूख हड़ताल भी की जाएगी। तहसीलदार उमेश लहरी ने बताया कि ज्ञापन उचित माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।

Source: Source