हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी में शनिवार शाम मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे में 16 वर्षीय किशोरी रानी और उसके 6 वर्षीय भाई अरहम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बच्चों की मां मुर्सिबा और उनका 4 वर्षीय बेटा आहान घायल हो गए। दुर्घटना सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने हुई। जानकारी के अनुसार, मुर्सिबा अपने तीनों बच्चों के साथ एक्टिवा पर खरीदारी करने निकली थीं। एक्टिवा उनकी 16 वर्षीय बेटी रानी चला रही थी। शाम करीब पौने चार बजे स्कूल के सामने उनकी एक्टिवा मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि चारों सड़क हादसे का शिकार हो गए। रानी और अरहम ट्रैक्टर के नीचे फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शव बाहर निकलवाकर मोर्चरी भिजवाए। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आहान को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए रास्ता सुचारू कराया। मृतक बच्चों के पिता मोहम्मद काला गांव सुघ के निवासी हैं और लकड़ी मंडी में आढ़ती का काम करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां दो बच्चों को खोने से परिवार में मातम छा गया। Source: Source Post navigation वेनलॉक अस्पताल में बेड उपलब्धता बोर्ड लगाने की मांग, दलित नेताओं ने उठाई आवाज सुंदरबन के विकास के लिए 1,200 करोड़ रुपये का आवंटन, 2029 तक बनेगा मुरीगंगा पुल: मुख्यमंत्री