पंजाब के तरनतारन जिले के चोहला साहिब में एक डॉक्टर से फिरौती मांगने के बाद उनके घर के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, देर रात करीब एक बजे बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक मौके पर पहुंचे। दोनों ने डॉक्टर के घर के बाहर फायरिंग की और इसके बाद फरार हो गए। गोलीबारी के दौरान गोलियां गलती से डॉक्टर के पड़ोसी के घर के गेट पर लगीं। घटना में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना चोहला साहिब के एसएचओ रणजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को मौके से गोलियों के खोल बरामद हुए हैं। घटना को अंजाम देने वाले दोनों नकाबपोश युवक गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसएचओ रणजीत सिंह के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले 7 अक्टूबर को भी इसी इलाके में एक कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग हुई थी। उस घटना के आरोपी अब तक फरार हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Source