पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई में एक किलो हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई खेमकरण क्षेत्र के मस्तगढ़ गांव में की गई। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस की टीम ने तलाशी अभियान के दौरान खेतों से संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया। मौके से 132 ग्राम पैकिंग सामग्री भी मिली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हेरोइन की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत भेजी गई थी। BSF की 142वीं बटालियन के कंपनी कमांडर ने बरामदगी की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान पीले रंग का एक पैकेट मिला था। पैकेट के अंदर हेरोइन और पैकिंग सामग्री रखी हुई थी। बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खेमकरण थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। उपनिरीक्षक जयपाल सिंह ने बताया कि मामले में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी और संभावित नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल ड्रोन के जरिए खेप भेजे जाने की आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Source: Source