हरियाणा के नारनौल में निजामपुर थाना के गांव मारोली निवासी एक व्यक्ति सस्ते रिचार्ज प्लान के विज्ञापन के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को खाते में रकम आने और निकलने का कोई मैसेज भी नहीं मिला। बैंक में जाकर खाते की स्टेटमेंट निकलवाने पर उसे ठगी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर निजामपुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में गांव मारोली निवासी राजेश कुमार ने बताया कि बीते दिनों उसका मोबाइल अचानक हैंग होकर बंद हो गया था और अगले दिन लगभग उसी समय उसका मोबाइल अपने आप स्विच ऑफ और ऑन होने लगा, जिससे उसे संदेह हुआ कि उसका मोबाइल हैक हो गया है। राजेश के अनुसार, उसने कुछ समय पहले मोबाइल पर एक विज्ञापन देखा था, जिसमें सस्ता रिचार्ज प्लान दिखाया गया था। विज्ञापन के जरिए उसने संबंधित एप्लीकेशन खोली और 235 रुपये का रिचार्ज किया। इसके बाद उसके बैंक खाते में 95 हजार रुपये आए, लेकिन इसकी कोई सूचना मोबाइल पर नहीं मिली और बाद में खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। रकम निकलने का भी उसे कोई मैसेज नहीं आया। बैंक पहुंचकर स्टेटमेंट निकलवाने पर उसे लेन-देन की जानकारी मिली और बैंक कर्मचारियों ने उसे पुलिस में शिकायत देने की सलाह दी। इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई और 29 अक्टूबर को निजामपुर थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच एएसआई राकेश को सौंपी गई है। Source: Source Post navigation हिसार में बच्चों के अपहरण-हमले में दो और आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने डंडे बरामद किए, स्कॉर्पियो सवारों ने रोका था रास्ता रोहतक में CRPF जवान द्वारा पत्नी की हत्या: रिमांड के दौरान भी मामूली विवाद पर अड़ा आरोपी, हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं; सास-देवर बाहर