लुधियाना के सलेम टाबरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जालंधर बाईपास के मुख्य चौक पर स्थापित डॉ. बीआर अंबेडकर की मूर्ति का शीशा एक बार फिर टूट गया है। घटना का पता चलते ही इलाके में रोष का माहौल है। सूचना मिलते ही सलेम टाबरी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौधरी यशपाल ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद निंदनीय घटना है और प्रशासन को तुरंत इस बात की गहन जांच करनी चाहिए कि आखिर यह शीशा कैसे टूटा। उन्होंने कहा कि अगर किसी शरारती तत्व ने माहौल खराब करने के लिए ऐसा किया है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि इस चौक पर पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। कुछ समय पहले ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने मूर्ति पर हार डाल दिया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। उस घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर और शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए प्रशासन द्वारा वहां सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टॉल किए गए थे। सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद एक बार फिर शीशा टूटने की घटना ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह साफ हो सके कि शीशा किसी ने जानबूझकर तोड़ा है या यह कोई हादसा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही असल कारणों का पता चल सकेगा।

Source: Source