दिल्ली हाई कोर्ट ने पहलवान विनेश फोगाट को जारी कारण बताओ नोटिसों पर भारतीय कुश्ती महासंघ को दो सप्ताह के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर लंबे समय तक बनी अनिश्चितता किसी खिलाड़ी की मानसिक तैयारी और खेल प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि दो सप्ताह बाद लिया जाने वाला कोई भी फैसला अगली सुनवाई तक लागू नहीं किया जाएगा। दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस अमित महाजन ने भारतीय कुश्ती महासंघ को निर्देश दिया कि वह पहलवान विनेश फोगाट को 9 मई और 17 जून को जारी किए गए कारण बताओ नोटिसों पर दो सप्ताह के भीतर अपना निर्णय ले। सुनवाई के दौरान जस्टिस अमित महाजन ने टिप्पणी की कि किसी खिलाड़ी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही को लेकर लंबे समय तक स्थिति स्पष्ट नहीं होना उसकी मानसिक तैयारी को प्रभावित कर सकता है और इसका असर खिलाड़ी के खेल प्रदर्शन पर भी पड़ सकता है। कोर्ट ने माना कि खेलों में मानसिक तैयारी और एकाग्रता की अहम भूमिका होती है। हाई कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भारतीय कुश्ती महासंघ दो सप्ताह की निर्धारित अवधि के बाद कोई फैसला लेता है तो उसे अगली सुनवाई तक लागू नहीं किया जाएगा।

Source: Source