अमृतसर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां को मामूली चोटें आई हैं। हादसा उस समय हुआ, जब एक 18 टायरी ट्रक चालक ने बिना पीछे देखे ट्रक को लापरवाही से बैक कर दिया। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से इलेक्ट्रिक एक्टिवा नीचे गिर गई और बच्ची ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में गुरप्रीत सिंह पुत्र हीरा सिंह निवासी गांव कलेरवाल, हाल निवासी बसर्के भैणी ने बताया कि 30 अक्टूबर को सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच वह अपनी पत्नी पूनम कौर और दो साल की बेटी नवप्रीत कौर के साथ घर से निकला था। वह खुद मोटरसाइकिल पर था, जबकि पत्नी और बेटी इलेक्ट्रिक एक्टिवा पर जा रही थीं। जब वे इंडिया गेट के पास पहुंचे तो उसकी पत्नी ने एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी कर दी, इसी दौरान वहां खड़े 18 टायरी ट्रक नंबर RJ07GF5729 के चालक ने बिना पीछे देखे ट्रक बैक कर दिया। ट्रक की साइड एक्टिवा से टकरा गई, जिससे मां-बेटी सड़क पर गिर गईं और ट्रक का पिछला टायर बच्ची नवप्रीत कौर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां पूनम कौर को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Source: Source