हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में शनिवार सुबह 4 बजे से रोडवेज कर्मचारी यूनियन का अनिश्चितकालीन चक्का जाम शुरू हो गया है। अलसुबह से कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर मोर्चा संभालते हुए बसों का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया। सुबह चंडीगढ़ जाने वाली बस को भी कर्मचारियों ने वर्कशॉप और बस स्टैंड से बाहर नहीं निकलने दिया। शुक्रवार शाम एसडीएम ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में रोडवेज यूनियन के साथ हुई वार्ता निष्फल रही। वार्ता विफल होने के बाद यूनियन ने अपने पूर्व घोषित फैसले के तहत चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शुक्रवार से ही 83 से अधिक बसों का रात्रि ठहराव बंद किए जाने के बाद चक्का जाम से दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, आगरा और खाटूश्याम जैसे लंबे रूटों के अलावा आदमपुर, उकलाना, बाधड़ा और चौधरीवास जाने वाले लोकल रूटों की बस सेवाएं पूरी तरह बंद हो गईं। यात्रियों को बस स्टैंड पर खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन प्रधान संदीप जैनवास ने बताया कि कर्मचारी लंबित वित्तीय लाभों, रात्रि भत्ते, टीए और ओवरटाइम के बकाया भुगतान की मांग कर रहे हैं। जब तक मांगों का स्थाई समाधान नहीं होगा, चक्का जाम जारी रहेगा।

Source: Source