नारनौंद के गांव राजथल में जाट समाज पर टिप्पणी करने वाले आम आदमी पार्टी के नेता रणबीर लोहान ने माफी मांगी है। मंगलवार रात हुई पंचायत में उन्होंने ग्रामीणों के सामने अपनी बात पर खेद जताया। विवाद की शुरुआत ग्रेपलिंग खिलाड़ी खुशी के स्वागत समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद हुई। 27 अक्टूबर को कुश्ती में गोल्ड मेडल जीतकर गांव लौटी खुशी का ग्रामीणों ने स्वागत किया था। इसके बाद कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स पर गांव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। ग्रामीणों ने नारनौंद थाने में कई सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बाद कई यूट्यूबर्स ने विवादित वीडियो हटाए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के वीडियो पोस्ट किए। विवाद के बीच रणबीर लोहान खुशी के घर पहुंचे थे और उन्हें नकद राशि देकर सम्मानित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि केवल सांसी समाज के लोग ही नशे का कारोबार नहीं करते, जाट समाज के लोग भी नशा बेचते हैं। इस टिप्पणी से राजथल के ग्रामीण नाराज हो गए थे। मंगलवार रात हुई पंचायत में रणबीर लोहान को भी बुलाया गया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर वह भावनाओं में बहकर गांव पहुंचे थे। उनका मकसद खुशी और उसके परिवार का सम्मान करना था, लेकिन उनके मुंह से निकली बात को ग्रामीणों ने जाट समाज के खिलाफ टिप्पणी के रूप में लिया। रणबीर लोहान ने कहा कि उनका मकसद किसी जाति को निशाना बनाना नहीं था। उनके मुताबिक हरियाणा में अलग-अलग जातियों के कुछ लोग नशे के कारोबार में शामिल हैं और वह ऐसे लोगों की ओर ध्यान दिलाना चाहते थे।

Source: Source