सुकमा जिले में छिंदगढ़ पुलिस ने ईको वाहन में छिपाकर ले जाई जा रही 48.740 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में आंध्र प्रदेश के रहने वाले शेख चिन्ना (26) को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत 23,680 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक 3 नवंबर को सूचना मिली थी कि सुकमा की ओर से आ रहे ईको वाहन क्रमांक AP-39-WP-5611 में अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में थाने के सामने NH-30 पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ईको वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में शराब बोरियों और झोलों में छिपाकर रखी गई थी। तलाशी के दौरान रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 35 पौवे, जम्मू व्हिस्की के 48 पौवे और सींबा प्रीमियम बीयर की 52 बोतलें मिलीं। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल ईको वाहन भी जब्त कर लिया। आरोपी शेख चिन्ना मूल रूप से आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी जिले का रहने वाला है और फिलहाल ग्राम रोकेल, थाना छिंदगढ़ में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

Source: Source