शहर में लुटेरों के हौसले बुलंद हैं। दुगरी इलाके में बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े सरकारी स्कूल की महिला शिक्षिका को निशाना बनाया। पहले एक्टिवा से पर्स झपटा, लेकिन पर्स बदमाश की बाइक के साइलेंसर में फंसकर सड़क पर गिर गया। शिक्षिका ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया और पर्स उठा लिया। इस पर आरोपी ने प्लॉट के पीछे छिपकर उन पर तेजधार दातर से हमला कर दिया। हाथ पर चोट लगने के बावजूद शिक्षिका ने पर्स बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी दोबारा पर्स छीनकर फरार हो गया। पूरी वारदात उनकी 13 वर्षीय बेटी के सामने हुई, जो छीनाझपटी के दौरान एक्टिवा से गिर गई। घटना 3 नवंबर दोपहर करीब 3:50 बजे दुगरी के 200 फुट रोड स्थित फ्लावर एन्क्लेव में हुई। पीड़िता गुरप्रीत कौर मिलरगंज स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति सुखविंदर सिंह सोनी ने बताया कि पत्नी बेटी के साथ एक्टिवा पर घर लौट रही थीं, इसी दौरान बाइक सवार युवक ने हुक की मदद से उनका पर्स झपट लिया। गुरप्रीत कौर ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन आसपास मौजूद कोई व्यक्ति मदद के लिए आगे नहीं आया। आरोपी ने पहले पर्स को लात मारकर दूर खिसकाया, लेकिन वह उसे उठा ले गईं। इसके बाद घर लौटते समय प्लॉट के पीछे छिपे आरोपी ने दातर से हमला कर दोबारा पर्स छीन लिया। पर्स में दो मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये, सरकारी पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज थे। परिजनों ने बताया कि वारदात के दौरान शिक्षिका की बेटी मां पर हमला और लूट की घटना देखकर सहम गई। परिवार का आरोप है कि मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। परिजनों ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि घटना के बाद न कोई विधायक पहुंचा और न ही सरपंच ने परिवार की सुध ली। थाना सदर पुलिस जांच कर रही है। पिछले अक्टूबर के महीने में भी पांच महिलाओं से स्नेचिंग हुई थी, मगर आज तक एक भी आरोपी पुलिस ने नहीं पकड़ा। सुखविंदर सिंह ने कहा कि उनको पुलिस से कोई उम्मीद नहीं है कि कार्रवाई करेंगे। Source: Source Post navigation लुधियाना में विदेश भेजने के नाम पर 15.60 लाख रुपये की ठगी: इमिग्रेशन संचालक के खिलाफ केस दर्ज 25 किमी/घंटा के नाम पर बेच रहे 40-60 की स्पीड वाला बिना नंबर का ई-स्कूटर: दिवाली सीजन में स्कूली बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़