हिसार में आने वाले दिनों में कोहरे और धुंध के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। डीसी महेंद्र पाल ने संबंधित विभागों को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि अगले 8 से 10 दिनों के भीतर जिले की प्रमुख सड़कों पर व्हाइट स्ट्रिप, साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने का काम हर हाल में पूरा किया जाए। सोमवार को कैंप कार्यालय में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति, माइनिंग टास्क फोर्स और डीटीपी टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक लेते हुए डीसी ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ अवैध खनन और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में लाडवा से डाबड़ा-बगला रोड, किरमारा रोड, हांसी-बरवाला रोड, कोहली रोड, भिवानी-हांसी रोड, राजगढ़ रोड, दिल्ली रोड, एनएच-52, सुरेवाला चौक-भिवानी रोड, गैबीपुर पुल, बरवाला चुंगी, रूपाणा से तलवंडी बादशाहपुर रोड, मुंढाल फ्लाईओवर सर्विस रोड, आरओबी उकलाना, कैंट एरिया और कैमेरी रोड सहित कई दुर्घटना संभावित मार्गों की समीक्षा की गई। डीसी ने इन सड़कों का निरीक्षण कर तुरंत सुधार करने को कहा। रात और धुंध में सड़क साफ दिखे, इसके लिए नाइट विजन लाइटें लगेंगी। सड़कों के किनारे झुकी पेड़ों की टहनियां और झाड़ियां काटी जाएंगी। साथ ही गड्ढे भरने, खराब ट्रैफिक लाइटें ठीक करने और हाईवे के अवैध कट बंद करने के आदेश दिए गए हैं। सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाएगा। वहीं ‘सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी’ के तहत स्कूल बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच होगी। डीसी ने हिट एंड रन एक्ट-2022 के तहत पीड़ितों और उनके परिजनों को मिलने वाली सहायता राशि के लंबित मामलों को तय समय में निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में सामने आया कि आरटीए विभाग ने अक्टूबर 2026 में नियमों का उल्लंघन करने पर 308 चालान कर 91 लाख 26 हजार 500 रुपए जुर्माना वसूला है। डीसी ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग करने वालों पर और सख्ती बरतने को कहा है। डीटीपी टास्क फोर्स की बैठक में जिला नगर योजनाकार दिनेश कुमार ने बताया कि संभावित अवैध कॉलोनियों की सूची तहसीलदारों को भेजी जा रही है, ताकि वहां जमीन की रजिस्ट्री रोकी जा सके। डीसी ने 2041 मास्टर प्लान के काम में तेजी लाने और शहरी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन और बिना परमिट खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों को जब्त करने के आदेश दिए गए। साथ ही बालू और रेत के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने को कहा गया है। Source: Source Post navigation गुजरात में सड़क हादसे में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों की मौत, सीएम धामी ने जताया दुख हरियाणा सरकार बुजुर्गों को करवाएगी वाराणसी के दर्शन, परिवार की आय 1.80 लाख से कम होना जरूरी; जल्द खुलेगा पोर्टल