दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को 78 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थे। उनका हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा था और आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मौत से पहले का उनका आखिरी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे कह रहे हैं कि कुछ लोग उनके लिए दुआओं की जगह बद्दुआ कर रहे हैं, लेकिन वो उनसे अधिक बीमार पड़ा हुआ व्यक्ति है। उन्होंने कहा कि उनकी जनता काफी अच्छी है और उनकी दुआओं से वे कुछ दिन में लौट आएंगे। डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर आज 11 बजे रायपुर पहुंचेगा, जिसके बाद रायपुर से भिलाई, दुर्ग होते हुए उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा तक अंतिम विदाई दी जाएगी। प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। बता दें कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा 12 अगस्त 1948 को जन्मे थे और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर तथा बीएड की डिग्री हासिल की थी। साल 1998 में व्याख्याता पद से रिटायर होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और 2008 में पहली बार अहिवारा से विधायक निर्वाचित हुए। 2023 में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों के अंतर से हराकर दूसरी बार जीत दर्ज की। वे वर्तमान में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी थे।

Source: Source