लुधियाना में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर में चोरी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं, जिनमें चोरों की सारी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पहली घटना गौशाला रोड स्थित ब्लैंकेट मार्केट की है, जबकि दूसरी घटना कल्याण नगर इलाके में हुई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। गौशाला रोड की पहली वारदात 18 तारीख को डिवीजन नंबर 3 के अंतर्गत आते गौशाला रोड स्थित सत्य पॉल टेक्सटाइल्स में हुई। दुकान के मालिक सौरभ पबरेजा ने बताया कि वह कुछ समय के लिए अपने मुख्य ऑफिस में नहीं थे और जब वापस आए तो उन्होंने स्टॉक चेक किया। गिनती में कंबल कम मिलने पर जब उन्होंने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगाली, तो चोरी की वारदात का पता चला। चोर ने मौके से करीब 5000 रुपये कीमत के 3 डबल बेड कंबल चोरी कर लिए। दूसरी वारदात 27 तारीख की रात करीब 8:15 बजे कल्याण नगर इलाके में हुई, जब दुकान का मालिक एक ग्राहक को अटेंड कर रहा था। तभी एक सिख व्यक्ति अपनी एक्टिवा पर सवार होकर दुकान के बाहर पहुंचा। फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह पहले अपनी एक्टिवा खड़ी करता है, फिर इधर-उधर देखता है कि कोई उस पर नजर तो नहीं रख रहा और मौका मिलते ही तेजी से दुकान के अंदर पड़ी एक गठरी उठाकर अपनी एक्टिवा पर रखकर फरार हो जाता है। इस घटना के बाद पीड़ित दुकान मालिक की ओर से थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस दोनों ही मामलों में सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। त्योहारी सीजन के चलते शहर के दुकानदारों में इन घटनाओं से भारी रोष है।

Source: Source