दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर बावल के गांव रूघ स्थित फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान दो डंपरों के बाद राजस्थान रोडवेज की बस भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। बस में करीब 27 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को बावल के जैन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहे दो डंपर रूघ फ्लाईओवर पर आपस में टकरा गए थे और हादसे के बाद दोनों डंपर सड़क पर ही खड़े थे, इसी दौरान जयपुर की ओर से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस उनसे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और यात्रियों के अनुसार बारिश के कारण बस के शीशे पर पानी जमा होने से आगे का दृश्य स्पष्ट नहीं था, जिससे चालक को सड़क पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त डंपर समय रहते दिखाई नहीं दिए। बस चालक ने आरोप लगाया कि हाईवे पर पहले से दुर्घटनाग्रस्त डंपरों के बारे में वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए कोई चेतावनी संकेतक नहीं लगाया गया था और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। हादसे की सूचना मिलने पर निजी अस्पतालों की एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को बावल के जैन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दीपक जैन के अनुसार घायलों का उपचार जारी है और फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं है। सूचना मिलने पर कसौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस हादसे के बाद हाईवे पर दुर्घटना के बाद किए जाने वाले सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं और पुलिस हादसे के कारणों व घटनाक्रम की जांच कर रही है। Source: Source Post navigation कैथल में NH-152 पर तेल के ट्रक में आग: ड्राइवर जिंदा जला, मौके पर मौत; खड़े ट्रक से हुई थी टक्कर साइबर ठगी: डेस्कटॉप पर WhatsApp चलाना पड़ सकता है भारी, रायपुर में तीन अकाउंटेंट से 3 करोड़ रुपये की ठगी