कमिश्नरेट पुलिस ने हथियार और हेरोइन तस्करी करने वाले 3 अलग-अलग नेटवर्क से जुड़े 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 3 ग्लॉक समेत 11 पिस्तौल और 2 किलो 293 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि नेटवर्क में शामिल एक टैक्सी ड्राइवर अपनी गाड़ी का इस्तेमाल खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए करता था। आरोपियों को प्रत्येक खेप उठाने और आगे पहुंचाने के बदले करीब 10 से 15 हजार रुपए दिए जाते थे। सीपी के मुताबिक आरोपी अब तक 3 बार हथियार आगे सप्लाई कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि हथियार किन लोगों को सप्लाई किए गए, इसकी जानकारी मिल गई है और जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। शुरुआती जांच में आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों और हेरोइन की खेप पीले रंग के पैकेटों में भेजी जाती थी, जिन्हें रात के अंधेरे में तय लोकेशन से 200 से 400 गज दूर उठाया जाता था। पहले मामले में करनदीप सिंह उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर 2 पिस्तौल बरामद की गईं। दूसरे मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 पिस्तौल बरामद की गईं। तीसरे मामले में करनदीप सिंह उर्फ करन को गिरफ्तार कर 2 पिस्तौल और 2.293 किलो हेरोइन बरामद की गई। अंगराज सिंह, कपिल उर्फ पपल और निखिल गिल के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं।

Source: Source