शहर के थाना सराभा नगर क्षेत्र में एक महिला से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सूर्य एन्क्लेव निवासी आरोपी सुमित के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सोनिया ने बताया कि पति से तनावपूर्ण संबंधों के दौरान उसकी मुलाकात मेडिटेशन कैंप में सुमित से हुई थी। सुमित मेडिटेशन कैंप आयोजित करने का काम करता है। करीब 4 साल पहले पति से तलाक होने के बाद सुमित ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का वादा किया और किराये के फ्लैट में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि सुमित के पास उसकी निजी वीडियो थी, जिसके दम पर वह दबाव बनाता था। 29 अक्टूबर 2026 को आरोपी वीडियो डिलीट करने के बहाने उसके घर आया और उसके साथ जबरदस्ती की। सब-इंस्पेक्टर दीक्षा ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।

Source: Source